सदर अस्पताल के लेबर रूम में प्रसूता को बेड पर ही मिलता है बर्थ सर्टिफिकेट

 
-छुट्टी मिलने पर एंबुलेंस के जरिये प्रसूता को वापस भेजा जाता है घर
-बांका सदर अस्पताल में प्रसूता को मिल रही हैं हर तरह की सुविधाएं
 
बांका, 22 जून-
 
बांका सदर अस्पताल के लेबर रूम में प्रसूता को हर तरह की सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। प्रसव को लेकर डॉक्टर और नर्स तो मौजूद रहती ही हैं, जरूरत पड़ने पर सिजेरियन भी किया जाता है। इसके साथ-साथ बच्चे का बर्थ सर्टिफिकेट भी बेड पर ही मिल जाता है। बर्थ सर्टिफिकेट को लेकर लोगों को चक्कर नहीं काटना पड़ता है। साथ ही प्रसूता को जब अस्पताल  से छुट्टी मिलती है तो उसे एंबुलेंस से वापस घर भेजा जाता है। यही कारण है कि सदर अस्पताल में संस्थागत प्रसव कराने वाली महिलाओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
सिविल सर्जन डॉ. रविंद्र नारायण कहते हैं कि सदर अस्पताल के लेबर रूम और मातृत्व ऑपरेशन थियेटर में हर तरह की सुविधा उपलब्ध है। अगर कोई निजी अस्पताल में प्रसव के लिए जाता है तो उसे बर्थ सर्टिफिकेट के लिए चक्कर लगाना पड़ता है, लेकिन सदर अस्पताल में यह बेड पर ही मिल जाता है। इसी तरह अगर कोई निजी अस्पताल में प्रसव कराता है तो उसे एंबुलेंस से वापस घर जाने पर पैसे खर्च करने पड़ते हैं, लेकिन सदर अस्पताल में प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को मुफ्त में एंबुलेंस के जरिये घर भेजा जाता है। यहां पर जो भी महिलाएं प्रसव के लिए आती हैं, उन्हें सुविधाएं तो मिलती ही हैं, साथ में पैसे भी नहीं लगते हैं। जांच, इलाज से लेकर दवा तक की सुविधा यहां पर मुफ्त में मिलती है।
सेवा के बाद पूछा भी जाता है कि यहां कि सुविधाएं कैसी रहीं- बांका सदर अस्पताल में प्रसव के लिए आने वाली महिलाएं जब छुट्टी मिलने के बाद वापस घर जाने लगती हैं तो उस दौरान उनसे पूछा भी जाता है कि आपको यहां कि सुविधाएं कैसी लगीं। क्या कुछ कमी तो नहीं रह गई। इसे लेकर एक फॉर्म भी दिया जाता है, जिसे भरकर प्रसूता या उसके परिजन देते हैं। इस मायने में भी बांका सदर अस्पताल खरा उतर रहा है। इतनी सारी सुविधाएं मिलने के कारण ही सदर अस्पताल में संस्थागत प्रसव कराने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। 
बांका में ही मिल जाती हैं हर तरह की सुविधाएं- केयर इंडिया के डीटीएल तौसीफ कमर कहते हैं कि बांका सदर ऑपरेशन में प्रसूताओं को हर तरह की सुविधाएं मिल रही हैं। यहां पर लगातार सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है। एक साथ कई डिलीवरी होने से लेकर सिजेरियन तक की सुविधा उपलब्ध है। जटिल से जटिल मामलों को देखा जाता है। इसका फायदा जिले के लोगों को मिल रहा है। प्रसूताओं को गंभीर होने पर भी बाहर का रुख नहीं करना पड़ता है। उन्हें बांका में ही सभी तरह की सुविधाएं मिल जा रही हैं। बांका सदर अस्पताल ही नहीं, बल्कि जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में प्रसूताओं के लिए बेहतर सुविधाएं हैं। रेफरल अस्पताल हो या फिर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या फिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हर जगह पर प्रसूताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

रिपोर्टर

  • Dr. Rajesh Kumar
    Dr. Rajesh Kumar

    The Reporter specializes in covering a news beat, produces daily news for Aaple Rajya News

    Dr. Rajesh Kumar

संबंधित पोस्ट